गैस कालाबाजारी पर सख्ती: शिकायत के लिए कंट्रोल रूम शुरू, डीएम ने दिए छापेमारी के निर्देश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस वितरण से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। आमजन अपनी शिकायतें मोबाइल नंबर 8423675896 पर दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल बनाए गए हैं, जबकि एसडीएम विजय यादव सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इसकी निगरानी करेंगे। जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को भ्रमणशील रहकर एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैस एजेंसियों पर सामान्य वितरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है, ताकि उपभोक्ताओं को नियम के अनुसार गैस सिलेंडर मिल सके। जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में प्रवर्तन दल गठित कर औचक छापेमारी और स्टॉक रजिस्टर व वितरण की जांच के निर्देश दिए हैं। इस अभियान में राजस्व, खाद्य एवं रसद विभाग, तेल कंपनियों के नोडल अधिकारी तथा स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगी। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक वीडियो पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने बताया कि केंद्र सरकार की व्यवस्था के तहत फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है और ओटीपी आधारित रीफिल डिलीवरी की व्यवस्था लागू है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक गैस भंडारण या एजेंसियों पर भीड़ लगाने से बचने की अपील की है। जिले में आईओसीएल की 18, बीपीसीएल की 9 और एचपीसीएल की 20 एजेंसियों के माध्यम से गैस आपूर्ति की जा रही है और वितरण फिलहाल सामान्य रूप से जारी है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला