महराजगंज में मंत्री Om Prakash Rajbhar की रैली में काला झंडा, युवक की पिटाई; बोले– “हम बात कहते हैं खर्रा , चाहे गोली चले चाहे छर्रा”
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सोमवार को सामाजिक समरसता महारैली के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Om Prakash Rajbhar को एक युवक ने काला झंडा दिखाकर विरोध जताया। इसके बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। दरअसल, जिले के छत्रपति शाहूजी महाराज कलेक्ट्रेट मैदान में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से सामाजिक समरसता महारैली एवं सभा का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए थे। मंत्री ओमप्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे थे। सभा के दौरान ही एक युवक ने काला झंडा दिखाकर विरोध करने की कोशिश की। विरोध होते ही वहां मौजूद कार्यकर्ता भड़क गए और युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर युवक को कार्यकर्ताओं से छुड़ाया और हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। रैली के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज भी कई जातियां शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से वंचित हैं और उन्हें एकजुट कर राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाना उनका उद्देश्य है। इस दौरान उन्होंने कहा, “हम बात कहते हैं खर्रा, चाहे गोली चले चाहे छर्रा।” उन्होंने कहा कि वह समाज के वंचित वर्गों की आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी दबाव से पीछे हटने वाले नहीं हैं। पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री ने कहा कि चुनाव अपने तय समय पर ही होंगे और अप्रैल में मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ भ्रम जरूर फैलाया जा रहा है, लेकिन पंचायत चुनाव समय पर ही कराए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला