Maharajganj

नवरात्रि से पहले अलर्ट प्रशासन: डीएम-एसपी ने लेहड़ा देवी मंदिर का लिया जायजा

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : - आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बृजमनगंज क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आद्रवन लेहड़ा देवी मंदिर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। नवरात्रि के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंदिर समिति के साथ बैठक कर डीएम-एसपी ने शांति व्यवस्था बनाए रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने बैरिकेडिंग, पंडाल, विश्राम स्थल, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला