Maharajganj

आपात स्थिति से निपटने का मिला प्रशिक्षण, जिले में हुआ मॉक ड्रिल जैसा आयोजन

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  जिले में आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग एवं नागरिक सुरक्षा कोर के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल एवं नवोदय विद्यालय, पुलिस लाइन परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा आग से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि आग किन कारणों से लगती है, उससे बचाव के क्या उपाय हैं और आपात स्थिति में किस प्रकार त्वरित एवं प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाया जा सकता है। साथ ही, अग्निशमन यंत्रों के सुरक्षित एवं सही उपयोग का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना रहा। प्रशिक्षकों ने जोर देकर कहा कि किसी भी आपदा में समय पर सही निर्णय और समन्वित प्रयास ही जन-धन की हानि को कम कर सकते हैं।इस दौरान आपदा मित्रों एवं आपदा सखियों की विशेष सहभागिता देखने को मिली। कुल 42 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिन्हें आत्म-सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सहायता करने के भी गुर सिखाए गए। जनपद प्रशासन ने इस अवसर पर कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि जिले में आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सके और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला