Maharajganj

जिले में अफवाहों के बीच डीएम ने पेट्रोल पंपों का किया औचक निरीक्षण, पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में पेट्रोल और डीजल की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी ने शुक्रवार को स्वयं मोर्चा संभालते हुए विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम सदर जितेंद्र सिंह एवं जिला पूर्ति अधिकारी के साथ किए गए इस निरीक्षण का उद्देश्य ईंधन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लेना था। डीएम सबसे पहले पकड़ी स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां उन्होंने स्टॉक और बिक्री की स्थिति की जानकारी ली। पंप संचालक ने बताया कि पेट्रोल का कुल स्टॉक 34,002 लीटर था, जिसमें लगभग 5,000 लीटर की बिक्री हो चुकी है। वहीं, डीजल का स्टॉक 43,792 लीटर में से 3,523 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। संचालक ने स्पष्ट किया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और तेल कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति की जा रही है।इसके बाद डीएम महुअवा ढाला स्थित मां बोकड़ा देवी फिलिंग स्टेशन पहुंचे। यहां भी पेट्रोल और डीजल की बिक्री सामान्य रूप से संचालित मिली। पेट्रोल का स्टॉक 23,890 लीटर में से 8,161 लीटर की बिक्री हुई, जबकि डीजल का स्टॉक 14,419 लीटर में से मात्र 91 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंप संचालकों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में गैलन या डिब्बों में ईंधन की बिक्री न की जाए। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामान्य खरीद की सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीद करें। प्रशासन के अनुसार जनपद में कुल 134 पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला