Breaking news : झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से युवती की मौत, गिरफ्तारी के बाद खुला जाम; नगर तिराहे पर हंगामा
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में झोलाछाप डॉक्टर की कथित लापरवाही से युवती की मौत के बाद भारी बवाल हुआ। आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर जाम लगाया, जिसे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हटाया गया। सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अमूर्तिया के पासी टोला में रविवार को झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के दौरान 18 वर्षीय मोनिका की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मोनिका को दो दिनों से बुखार था। रविवार शाम हल्का बुखार आने पर उसे बैकुंठपुर चौराहे पर स्थित एक झोलाछाप डॉक्टर के पास ले जाया गया। आरोप है कि डॉक्टर ने परिजनों के मना करने के बावजूद युवती को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही मोनिका की हालत बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मर्चरी हाउस पहुंच गए। आक्रोशित परिजन शव को लेकर पैदल ही नगर तिराहे तक पहुंचे और “पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर कोतवाली, भिटौली सहित तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात रही। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी झोलाछाप डॉक्टर की गिरफ्तारी के बाद करीब तीन घंटे पश्चात जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला