महराजगंज में पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव, सोमेंद्र मीना का ट्रांसफर, शक्ति मोहन अवस्थी संभालेंगे कमान
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- उत्तर प्रदेश शासन ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसी क्रम में महराजगंज जिले सहित कुल 27 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार महराजगंज के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना का स्थानांतरण रामपुर जनपद में कर दिया गया है, जबकि शक्ति मोहन अवस्थी को महराजगंज का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। सोमेंद्र मीना ने अपने लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग में सुधार तथा जनता के साथ संवाद स्थापित करने के प्रयासों को सराहा गया। विभिन्न मामलों के त्वरित निस्तारण और संवेदनशील मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान में भी उनकी सक्रियता देखने को मिली। वहीं, नव नियुक्त एसपी शक्ति मोहन अवस्थी को एक सख्त और कार्यकुशल अधिकारी के रूप में जाना जाता है। प्रशासनिक हलकों में उनकी छवि अनुशासनप्रिय और परिणाम देने वाले अधिकारी की रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में महराजगंज में अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग में आधुनिक तकनीकों का उपयोग और जनता के साथ बेहतर समन्वय को और मजबूती मिलेगी। साथ ही, संवेदनशील मामलों के त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने पर विशेष फोकस रहेगा।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह तबादला शासन की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा और बेहतर कार्यक्षमता लाना है। जिले में इस बदलाव को लेकर प्रशासनिक हलकों के साथ-साथ आम जनता के बीच भी चर्चा का माहौल है। अब देखना होगा कि नए एसपी के नेतृत्व में महराजगंज में पुलिसिंग का स्वरूप किस तरह बदलता है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला