सड़क हादसा: पुरैना में तेज रफ्तार डंपर का कहर, युवक को कुचला, मौत
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी मुख्य चौराहे पर मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर ने एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरखपूरा टोला मथौली निवासी 35 वर्षीय रामबचन साहनी अपनी पत्नी सुनीता के साथ कपड़ों की खरीदारी करने पुरैना चौराहे गए थे। खरीदारी के बाद दोनों घर लौट रहे थे, तभी पुरैना–परतावल मार्ग पर सामने से आ रहे मिट्टी लदे तेज रफ्तार डंपर ने रामबचन को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं पत्नी बाल बाल बच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा किया। घबराकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी चालक दूधनाथ खरवार, निवासी विशुनपुरा थाना, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया है।थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला