Maharajganj

Maharajganj News : नए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने संभाली जिले की कमान, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचकर लिया चार्ज

 

 

आगमन को लेकर पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रही निगरानी; कानून-व्यवस्था मजबूत करने का दिया संदेश

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- जिले में मंगलवार की देर शाम नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) शक्ति मोहन अवस्थी पहुंचे और आते ही उन्होंने जिले की कमान संभाल ली। उनके आगमन को लेकर पहले से ही पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर से लेकर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी, जबकि प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिले में पहुंचने के बाद एसपी शक्ति मोहन अवस्थी सीधे पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। चार्ज लेने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर एसपी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर और मजबूत किया जाएगा। अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें और पुलिस की छवि को और बेहतर बनाएं। नए एसपी के आगमन से जिले की पुलिस व्यवस्था में नई सक्रियता और ऊर्जा देखने को मिल रही है।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला