डीपीआरओ ऑफिस में महिला अधिकारी से अभद्रता, विकास भवन में बढ़ते विवादों से हड़कंप
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के विकास भवन में विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को डीपीआरओ कार्यालय में एक महिला अधिकारी के साथ अभद्रता का मामला सामने आने से एक बार फिर हड़कंप मच गया। आरोप है कि ग्राम पंचायत सोहास, विकास खंड पनियरा के प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह ने कार्यालय पहुंचकर महिला अधिकारी और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई और कर्मचारियों को बीच-बचाव कर मामला शांत कराना पड़ा। इस घटना के बाद कर्मचारियों में रोष के साथ-साथ भय का माहौल भी देखा जा रहा है, जिससे कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि विकास भवन में पिछले एक माह के भीतर यह तीसरी घटना है। इससे पहले डीसी मनरेगा और RES एक्सियन के साथ भी अभद्रता के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघों का कहना है कि यदि तीन दिनों के भीतर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो कर्मचारी संबंधित ग्राम पंचायत में कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला