परतावल में इलाज के दौरान 11 माह की मासूम की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप
निजी क्लिनिक में उपचार के दौरान बिगड़ी हालत, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां इलाज के दौरान 11 माह की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने संबंधित डॉक्टर पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।मृत बच्ची की पहचान अनन्या पुत्री प्रदीप, निवासी परासी नरहल थाना मधुबन, जनपद मऊ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बच्ची के पिता एक निजी संस्था ‘स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस’ में कार्यरत हैं। परिजनों ने बताया कि बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे बुधवार सुबह करीब 11 बजे परतावल स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए लाया गया था। परिजनों का कहना है कि उक्त क्लिनिक के डॉक्टर संजय कुमार सिंह पहले से ही बच्ची का इलाज कर रहे थे। बुधवार को भी उसी क्रम में बच्ची को ‘भाप’ दिलाने के लिए क्लिनिक लाया गया था। आरोप है कि उपचार के दौरान अचानक बच्ची की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन समय रहते उचित इलाज नहीं मिल सका, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने क्लिनिक परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह व चौकी प्रभारी परतावल अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला