Maharajganj

जिले में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने मचाई तबाही, कई एकड़ फसल जलकर खाक

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के नौतनवां थाना क्षेत्र में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलते हुए कई एकड़ तैयार फसल को अपनी चपेट में ले लिया। नौतनवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरवा जंगल में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक खेतों के पास आग लग गई। ग्रामीणों के अनुसार आग की शुरुआत ग्राम सभा महुआवा नंबर-1 में विद्युत तार में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के चलते आग की लपटें तेजी से फैलती हुई गोपालपुर होते हुए बैरवा चंदनपुर तक पहुंच गईं। खेतों में खड़ी गेहूं सहित अन्य तैयार फसलें आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते कई एकड़ फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। खोरिया चौकी पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी और राहत कार्य में जुट गई। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन वाहन के पहुंचने में देरी होने से कुछ समय के लिए स्थिति गंभीर बनी रही। इस दौरान ग्रामीणों ने साहस और समझदारी का परिचय देते हुए मिट्टी, पानी और टहनियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। बाद में पहुंची दमकल टीम ने शेष आग को पूरी तरह बुझाकर स्थिति नियंत्रित कर दी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई किसानों की मेहनत जलकर खाक हो गई। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला