Maharajganj

बाबा धाम से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार: झपकी बनी जानलेवा, चालक की मौत, कई घायल

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा पुल के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो चालक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बाबा धाम से दर्शन कर लौट रहे परिवार की गाड़ी चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। घटना सुबह करीब 6:30 बजे भैंसा पुल–सोहरौना राजा मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार, सतभरिया थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी संतोष कुमार वर्मा अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ स्कॉर्पियो (UP56K0099) से बाबा धाम से लौट रहे थे। वाहन में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। रास्ते में चालक को अचानक नींद आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक संतोष कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने संतोष कुमार वर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। अन्य को हल्की चोटें आई हैं।थाना प्रभारी मदन मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक को आई झपकी प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा यातायात भी सुचारु रूप से चल रहा है।

 

 

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला