Maharajganj

पुलिस व बार न्यायपालिका के दो मजबूत स्तंभ, साझा लक्ष्य न्याय दिलाना: एसपी

 

सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के सम्मान समारोह में पहुंचे एसपी शक्ति मोहन अवस्थी

-पुलिस व बार के बीच बेहतर तालमेल पर दिया जोर, बोले-कानून व्यवस्था में देंगे हर संभव मदद

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद की न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ और सुगम बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ एसपी ने संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बार प पुलिस को न्यायपालिका का दो अटूट स्तंभ बताया। कहा कि पुलिस व वकीलों की कार्यशैली भले ही भिन्न हो, लेकिन दोनों का अंतिम लक्ष्य पीड़ित को न्याय दिलाना ही है। संवाद कार्यक्रम में पहुंचे एसपी शक्ति मोहन अवस्थी का सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र, महामंत्री प्रमोद कुमार त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष सुशील कुमार श्रीवास्तव व पूर्व मंत्री धर्मेंद्र त्रिपाठी ने एसपी को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान एसपी ने अधिवक्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। सुरक्षा व्यवस्था सहित न्यायिक कार्यों में आने वाली व्यावहारिक बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की। कहा कि बार-बेंच व पुलिस के बीच निरंतर संवाद न्याय प्रक्रिया को सरल बनाता है। उन्होंने जोर दिया कि यदि इन अंगों में सकारात्मक तालमेल रहे तो आम जनमानस को तेज, निष्पक्ष व पारदर्शी न्याय मिलना आसान हो जाएगा। एसपी ने विश्वास दिलाया कि कानून-व्यवस्था के अनुपालन व अधिवक्ताओं की सुरक्षा के मुद्दे पर पुलिस प्रशासन सदैव तत्पर है। जरूरत पड़ने पर प्राथमिकता के आधार पर सहायता मुहैया कराई जाएगी। अधिवक्ताओं ने एसपी की इस पहल को सराहनीय बताया। कहा कि जिले के कप्तान का कचहरी आकर अधिवक्ताओं की समस्याओं को सुनना एक सकारात्मक संदेश है। इससे पुलिस और बार के बीच आपसी विश्वास बढ़ेगा। उन फरियादियों को भी राहत मिलेगी जो थानों व कचहरी के बीच न्याय की उम्मीद लेकर आते हैं। इस मौके पर अधिवक्ता अभिषेक शुक्ल सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व अधिवक्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला