Maharajganj

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दर्जन भर मेडिकल स्टोर्स पर हुई छापेमारी, कई सैंपल सील

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में अवैध दवाओं की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौतनवा तहसील क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दर्जन भर संदिग्ध मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण किया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर उपजिलाधिकारी नौतनवा के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच की। अभियान के तहत कई दुकानों के दवा अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस और दवाओं की गुणवत्ता की बारीकी से पड़ताल की गई। जांच के दौरान कई दुकानों में अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद टीम ने संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया। औषधि निरीक्षक के अनुसार, इन सैंपलों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और वैधता की जांच की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रतिबंधित और अवैध दवाओं के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दवा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इस छापेमारी अभियान में क्षेत्राधिकारी नौतनवा अनिरुद्ध कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या, औषधि निरीक्षक नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध दवा या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला