Maharajganj

फरेन्दा कोतवाली में एसपी का छापा: दरोगा निलंबित, थाना अध्यक्ष समेत तीन पर जांच, मचा हड़कंप

 

रात में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, कई खामियां उजागर — अधिकारियों पर जांच के आदेश

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में रविवार देर रात उन्होंने थाना कोतवाली फरेन्दा का आकस्मिक निरीक्षण किया, जिससे थाने में हड़कंप मच गया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, अभिलेखों, साफ-सफाई, साइबर सेल और महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उपनिरीक्षक बीरबल चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही प्रभारी निरीक्षक फरेन्दा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक और ड्यूटी मुंशी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान लंबित प्रार्थना पत्रों और मामलों की समीक्षा भी की गई। पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों को पूर्ण और अद्यतन रखने के निर्देश दिए, साथ ही जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क और सक्रिय रहने की हिदायत दी। एसपी अवस्थी ने कहा कि थाना स्तर पर पुलिसिंग की गुणवत्ता ही जनता के विश्वास की नींव होती है। उनका लक्ष्य है कि हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान हो, ताकि आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके।

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला