Maharajganj

विषैले जीव का कहर या लापरवाही? कस्तूरबा विद्यालय में छात्रा की दर्दनाक मौत

 

हैंडपंप से पानी भरते समय हुआ हादसा, समय पर उपचार और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, खजूरिया में एक छात्रा की विषैले जीव के काटने से हुई मौत ने प्रशासन और स्कूल प्रबंधन दोनों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय के आवासीय परिसर में लगे हैंडपंप से पानी भरते समय एक छात्रा को किसी विषैले जीव ने पैर की उंगली में काट लिया। शुरुआत में मामूली लग रही यह घटना कुछ ही देर में गंभीर हो गई। छात्रा को चक्कर आने लगे और गला सूखने की शिकायत होने लगी, जिससे उसकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होते देख विद्यालय स्टाफ ने उसे तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या विद्यालय में प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद थी और क्या समय रहते सही इलाज मिल पाया।घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी मौके पर पहुंचे और विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि आवासीय विद्यालय में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन और स्कूल प्रबंधन की होती है, लेकिन यहां लापरवाही साफ नजर आ रही है। यह दर्दनाक घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि यदि समय रहते सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत नहीं किया गया, तो ऐसे हादसे भविष्य में भी हो सकते हैं।

 

 

यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला