नेपाल में बड़ा हादसा: जिले के 2 श्रद्धालुओं की मौत, 17 घायल
स्वर्गद्वारी जा रहे श्रद्धालुओं की बस नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त, प्रशासन अलर्ट मोड में
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- जिले के श्रद्धालुओं से भरी एक बस नेपाल में हादसे का शिकार हो गई, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद भारत और नेपाल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा राजा गांव के कुल 21 श्रद्धालु नेपाल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्वर्गद्वारी दर्शन के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी बस नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 35 वर्षीय निर्मला और 6 वर्षीय काव्या की मौत की पुष्टि हुई है, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में करीब 17 से 18 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को नेपाल के बुटवल स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उन्होंने कहा कि “कुल 17 लोग घायल हैं, जिनमें दो की मौत हो चुकी है।” नेपाल के रूपानदेही जिले के सीडीओ से उनकी लगातार बातचीत हो रही है ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई कमी न रहे। वहीं, एसडीएम नौतनवा को पांच एंबुलेंस के साथ नेपाल रवाना किया गया है, जबकि एडीएम को सोनौली बॉर्डर पर समन्वय के लिए तैनात किया गया है। इसके अलावा 6 लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और 4 अन्य एंबुलेंस भी अलर्ट पर रखी गई हैं। जिले के सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता और शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन हर संभव मदद पहुंचाने में जुटा हुआ है।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला