Maharajganj

डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने संभाली महराजगंज की कमान, विकास को देंगे नई रफ्तार

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :  जिले को एक बार फिर अनुभवी प्रशासनिक नेतृत्व मिला है। आईएएस अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को जिले के नए जिलाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पहले भी जिले में सेवाएं दे चुके सोगरवाल की वापसी से विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद जताई जा रही है। बुधवार को प्रशासनिक बदलाव के तहत गौरव सिंह सोगरवाल ने जिला कोषागार में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात कर कार्यों की जानकारी ली। गौरव सिंह सोगरवाल इससे पहले वर्ष 2021 से 2023 तक महराजगंज में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में कार्य कर चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने कई विकास योजनाओं को गति दी थी, जिससे जिले में सकारात्मक माहौल बना था। इसके बाद उन्हें नगर निगम गोरखपुर में नगर आयुक्त के रूप में तैनात किया गया, जहां उन्होंने लगभग तीन वर्षों तक शहरी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम दिया। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में डीएम सोगरवाल ने कहा कि उन्हें जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक जरूरतों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम जनता के सहयोग से जिले को विकास की नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ जमीन पर उतारना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। साथ ही मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी और संवेदनशील बनाया जाएगा, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। डीएम सोगरवाल ने सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सकारात्मक माहौल में मिलकर काम कर महराजगंज को विकास के नए आयाम तक पहुंचाया जाएगा।

यह भी पढ़ें : श्रमिक दिवस पर पकड़ी रेंज में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ