महराजगंज में दर्दनाक हादसा: पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो- : जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चेहरी टोला महलगंज में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो सगे मासूम भाइयों की मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कटहरा टोला बीट नर्सरी के स्थाई निवासी डब्लू साहनी वर्तमान में चेहरी के महलगंज में किराये के मकान में रहते हैं। मंगलवार शाम करीब 5 बजे उनके दोनों पुत्र राज (5 वर्ष) और आयुष (4 वर्ष) घर के बगल में स्थित ईंट भट्ठे के पास मिट्टी के ढेर पर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों अचानक लापता हो गए। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से बच्चों की तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के दौरान पास ही एक गहरे गड्ढे, जिसमें बरसात का पानी भरा हुआ था, की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों बच्चे गड्ढे के भीतर डूबे हुए पाए गए। तत्काल उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल महराजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : श्रमिक दिवस पर पकड़ी रेंज में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ