Maharajganj

कोर्ट के आदेश पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण हटने से सड़क चौड़ी— लोगों को मिली राहत

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो-:  शहर में लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण विवाद पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में नगर पालिका ने निचलौल रोड स्थित शकुंतला बाल विद्या मंदिर और अनुसूचित जाति छात्रावास के बगल की गली से अतिक्रमण हटाकर रास्ता चौड़ा कराया, जिससे सैकड़ों लोगों को राहत मिली है। शहर के निचलौल रोड स्थित एक संकरी और विवादित गली को लेकर चल रहा मामला आखिरकार सुलझ गया। वर्षों से अतिक्रमण की चपेट में आई इस गली को लेकर स्थानीय निवासियों ने इसे सार्वजनिक मार्ग बताते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद कोर्ट ने अतिक्रमण हटाने का स्पष्ट निर्देश दिया। बुधवार को नगर पालिका, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को हटाया गया और रास्ते को चौड़ा किया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन की सख्ती के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। अधिकारियों के अनुसार, अब यहां करीब 9 फीट 6 इंच चौड़ी और लगभग 309 फीट लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस मार्ग के चौड़ीकरण से करीब 300 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले जहां लोगों को तंग गली से गुजरना पड़ता था, वहीं अब चार पहिया वाहन भी आसानी से घरों तक पहुंच सकेंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय बाद उन्हें बड़ी राहत मिली है। अब आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाएं भी बिना बाधा पहुंच सकेंगी। मौके पर मौजूद एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के तहत की गई है और आगे भी जनहित में ऐसे कदम जारी रहेंगे।

यह भी पढ़ें : श्रमिक दिवस पर पकड़ी रेंज में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ