Maharajganj

जिले में बनेगा हाईटेक मॉडल नर्सरी, दो हेक्टेयर जमीन पर भेजा जाएगा प्रस्ताव

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में बागवानी क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। मुख्यालय में करीब दो हेक्टेयर जमीन पर हाईटेक मॉडल नर्सरी स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। यह परियोजना एकत्रित बागवानी विकास मिशन योजना के तहत विकसित की जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी संजय कुमार रस्तोगी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मॉडल नर्सरी के लिए करीब दो हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। प्रस्तावित हाईटेक नर्सरी में फलदार, सब्जी एवं सजावटी पौधों की उन्नत प्रजातियां तैयार की जाएंगी। इसके साथ ही किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी और प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना के शुरू होने से जिले के किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौधे स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे। योजना के तहत नर्सरी में पॉलीहाउस, शेडनेट, आधुनिक सिंचाई व्यवस्था और पौध संरक्षण की अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे बागवानी उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। किसानों और बागवानी क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि हाईटेक मॉडल नर्सरी बनने से जिले में फल एवं सब्जी उत्पादन को नई गति मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि जिले में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाईटेक मॉडल नर्सरी बनने से किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौधे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे और आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे

यह भी पढ़ें : विधायक की पत्नी को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे सीएम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम