Maharajganj

महराजगंज में गैस सिलेंडर रिसाव से लगी आग, चार लोग गंभीर रूप से झुलसे

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- फरेंदा थाना क्षेत्र के महादेवा बुजुर्ग गांव में रविवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो युवतियों समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।नजानकारी के अनुसार गांव में घर के अंदर गैस सिलेंडर पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस रिसाव होने से सिलेंडर में आग भड़क उठी। आग की चपेट में आकर शाहजहां (19 वर्ष), नाजिया खातून पुत्री शमशाद अली, सना खातून पुत्री इमामुद्दीन (61 वर्ष) तथा नूर हसन पुत्र इमामुद्दीन (51 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी-फरेंदा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत बाल्टी और पानी लेकर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।

यह भी पढ़ें : 30 लाख के 101 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान