Maharajganj

महराजगंज में सारस संरक्षण को लेकर वन कर्मियों व सारस मित्रों को दिया गया प्रशिक्षण

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग महराजगंज में सोमवार को सारस संरक्षण एवं ग्रीष्मकालीन सारस गणना को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सारस संरक्षण समिति लखनऊ के मार्गदर्शन एवं वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के सहयोग से वन चेतना भवन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की चारों रेंज के वनक्षेत्राधिकारी, वन कर्मी तथा विभिन्न गांवों के सारस मित्र शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी महराजगंज निरंजन राजेन्द्र सुर्वे रहे। उन्होंने उपस्थित प्रशिक्षुओं को सारस संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए ग्रीष्मकालीन सारस गणना, वर्षा ऋतु के दौरान सारस के घोंसलों की खोज, निगरानी एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया। वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया की सारस संरक्षण परियोजना के परियोजना प्रमुख अरशद हुसैन ने प्रशिक्षण के दौरान गणना की प्रक्रिया और गणना प्रपत्र भरने के तरीके की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही आंकड़ों के संकलन से सारस संरक्षण की योजनाओं को प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिभागियों को सारस संरक्षण से संबंधित कैप और टी-शर्ट वितरित किए गए। कार्यक्रम में हरिहरपुर, जगपुर उर्फ सलामतगढ़, परसाराजा, पुरैना सहित विभिन्न गांवों के सारस मित्रों ने भाग लिया। वन विभाग ने इसे सारस संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

यह भी पढ़ें : 30 लाख के 101 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान