महराजगंज में ईंधन संकट की भयावह तस्वीर, सड़क पर रात काट रहे किसान
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में डीजल और पेट्रोल की किल्लत ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे हैं कि कई पेट्रोल पंपों पर देर रात से ही लंबी कतारें लग गईं। किसान चद्दर, मच्छरदानी और पानी की बोतल लेकर गैलन के साथ लाइन में डटे रहे ताकि सुबह ईंधन मिल सके। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर गैलन और कृषि वाहनों की लंबी लाइन देखने को मिली। खेती-किसानी का समय होने के कारण डीजल की मांग बढ़ी हुई है, लेकिन पंपों पर पर्याप्त ईंधन न मिलने से किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों का कहना है कि डीजल के अभाव में सिंचाई और खेतों के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं, जिससे फसल पर संकट खड़ा हो सकता है। मंगलवार दोपहर मुख्यालय के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर एंबुलेंस तक लाइन में खड़ी दिखाई दी, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। आधी रात किसानों की परेशानी जानने भारत समाचार की टीम भी पंपों पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में किसान रातभर इंतजार करते मिले। हालांकि जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने दावा किया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त तेल उपलब्ध है। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आई, जहां कई पंपों पर किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा।ईंधन संकट को लेकर किसानों में चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ता जा रहा है।
यह भी पढ़ें : “पहले कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होता था पैसा, अब धार्मिक स्थलों के विकास में लग रहा” — मुख्यमंत्री योगी