लखनऊ महासम्मेलन में जाने से पहले प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष हाउस अरेस्ट, सरकार पर लगाया अलोकतांत्रिक कार्रवाई का आरोप
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पंचायत चुनाव टलने की स्थिति में वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक बनाए जाने की मांग को लेकर प्रधान संगठन के प्रदेश नेतृत्व द्वारा 20 मई को लखनऊ में प्रस्तावित महासम्मेलन से पहले महराजगंज में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने उन्हें मंगलवार सुबह उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया, ताकि वे लखनऊ में होने वाले महासम्मेलन में शामिल न हो सकें। उन्होंने इस कार्रवाई को पूरी तरह अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि प्रधान संगठन सरकार के खिलाफ नहीं है, बल्कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि प्रधानों में इस बात को लेकर भय है कि वर्ष 2021 की तरह फिर से एडीओ पंचायतों को प्रशासक नियुक्त किया जा सकता है। जिलाध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुने गए जनप्रतिनिधियों पर विश्वास जताते हुए अगले पंचायत चुनाव तक वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए या फिर प्रधानों की प्रशासक समिति बनाए जाने का आदेश जल्द जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे गांवों में विकास कार्य बाधित नहीं होंगे और जनता का विश्वास भी बना रहेगा।
यह भी पढ़ें : “पहले कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होता था पैसा, अब धार्मिक स्थलों के विकास में लग रहा” — मुख्यमंत्री योगी