नेपाल दूतावास की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, 453 नेपाली नागरिकों को सोनौली सीमा से नेपाल पुलिस के सुपुर्द किया गया
नौकरी और मोटी कमाई का झांसा देकर नेटवर्क मार्केटिंग में शामिल कराने का आरोप, मानवाधिकार हनन की भी उठी थी शिकायत
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कुशीनगर में कथित नेटवर्क मार्केटिंग और ऑनलाइन ठगी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 453 नेपाली नागरिकों को सोनौली सीमा के रास्ते नेपाल प्रशासन के हवाले कर दिया गया। यह कार्रवाई नेपाल दूतावास, नई दिल्ली की शिकायत पर की गई, जिसमें नेपाली युवाओं को नौकरी का प्रलोभन देकर ठगी के नेटवर्क में फंसाने और कुछ लोगों को बंधक बनाकर रखने के आरोप लगाए गए थे। कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र में संचालित नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि बेरोजगार युवाओं और युवतियों को अधिक आय तथा रोजगार का लालच देकर नेटवर्क से जोड़ा जाता था और उनसे धनराशि जमा कराई जाती थी। निवेश की गई रकम वापस न मिलने पर कई पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई मामले में बड़ी संख्या में नेपाली नागरिकों के प्रभावित होने की सूचना मिलने के बाद पीड़ितों ने नेपाल दूतावास से संपर्क किया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए भारतीय अधिकारियों ने जांच शुरू की और निर्धारित प्रक्रिया के तहत 453 नेपाली नागरिकों को 11 वाहनों से सोनौली सीमा तक पहुंचाया। वहां उन्हें नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सोनौली कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी नेपाली नागरिकों को सुरक्षित रूप से नेपाल पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं रुपनदेही के एसपी जनक बहादुर शाही ने कहा कि जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि कौन लोग ठगी के शिकार हुए हैं और कौन इस कथित नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधि में सक्रिय रूप से शामिल थे। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : इंस्टाग्राम का इश्क पहुंचा थाने: चार बच्चों की मां ने 14 साल के किशोर पर लगाया ‘दिल तोड़ने’ का आरोप