Maharajganj

विश्व पर्यावरण दिवस पर बलिया पुल घाट में चला स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान

 

 

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, महराजगंज द्वारा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत बलिया पुल घाट पर “एक पेड़ माँ के नाम – एक कदम हरित भविष्य के नाम” अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण, नदी स्वच्छता, जैव विविधता संवर्धन और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना था। अभियान के तहत घाट परिसर एवं नदी तट पर व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया। इसमें गंगा प्रहरियों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने नदी किनारे फैले प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण में जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए सभी नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) अंकित पटेल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए तथा नदियों और जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि नमामि गंगे कार्यक्रम नदी संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, जन-जागरूकता और वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है।

यह भी पढ़ें : डीएफओ की देर रात जंगलों में पैनी नजर, संयुक्त गश्त से वन एवं वन्यजीव सुरक्षा हुई मजबूत