चमनगंज पुल से नहर में कूदा युवक लापता, एसडीआरएफ और पुलिस की तलाश जारी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- निचलौल थाना क्षेत्र के झुलनीपुर नहर स्थित चमनगंज पुल से एक युवक के नहर में कूद जाने के बाद हड़कंप मच गया। तेज बहाव के कारण युवक लापता हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है। शनिवार दोपहर तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। जानकारी के अनुसार, शहर के महाशय वार्ड निवासी कृष्ण कुमार द्विवेदी शुक्रवार रात करीब आठ बजे चमनगंज पुल के पास पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने पुल से नहर में छलांग लगा दी, जिसके बाद वह तेज जलधारा में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।।सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तत्काल एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। इसके बाद नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।।थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक नहर में कूदने के बाद लापता हो गया है। आशंका है कि वह तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम लगातार अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए सर्च अभियान तेज कर दिया है। युवक की तलाश जारी है और टीम नहर के आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें : एनसीसी कैडेट्स ने विश्व पर्यावरण दिवस पर चलाया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान