Maharajganj

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा आज से, 13 केंद्रों पर 34,560 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए महराजगंज जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली इस भर्ती परीक्षा में कुल 34,560 अभ्यर्थी शामिल होंगे। तीन दिवसीय परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 5,760 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले के प्रमुख इंटर कॉलेजों और डिग्री कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि जोनल मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव निगरानी पुलिस कार्यालय स्थित एकीकृत कंट्रोल रूम से की जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी कर्मचारियों का ई-केवाईसी सत्यापन अनिवार्य किया है। इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर विशेष हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कुल 554 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने, परीक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी अफवाह या अनुचित साधनों के बहकावे में न आने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

 

 

यह भी पढ़ें : ई-रिक्शा घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, डीपीआरओ ने किया तत्काल निलंबित