Maharajganj

कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा, 23.31% अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित; यूपी-112 ने परीक्षा छूटने से बचाई अभ्यर्थी की उम्मीद

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा महराजगंज में तीन दिनों तक कड़ी सुरक्षा और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हो गई। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी स्वयं लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। प्रशासन और पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से जिले के सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।8 से 10 जून तक छह पालियों में आयोजित परीक्षा के लिए कुल 34,560 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें से 26,505 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 8,055 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार 23.31 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जबकि 76.69 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर सघन फ्रिस्किंग, पहचान सत्यापन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रतिदिन 554 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता थी और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग से परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।इसी बीच यूपी-112 की तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण भी सामने आया। बलरामपुर निवासी अभ्यर्थी अमन गुप्ता समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पा रहे थे। सूचना मिलते ही पीआरवी-5813 पर तैनात हेड कांस्टेबल बैरिस्टर प्रसाद एवं उनकी टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए अभ्यर्थी को पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल परीक्षा केंद्र तक समय रहते पहुंचाया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सका और उसकी मेहनत व्यर्थ होने से बच गई। अभ्यर्थी ने यूपी-112 टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की मदद से उसका सपना टूटने से बच गया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की संवेदनशीलता और जनसेवा भावना की सराहना की।

यह भी पढ़ें : समाधान दिवस में डीएम का सख्त एक्शन, गलत रिपोर्टिंग पर 4 राजस्व कर्मियों से मांगा जवाब