Maharajganj

सरकारी कचरा गाड़ी से ईंट ढुलाई का VIDEO VIRAL: घुघली नगर पंचायत में मचा बवाल, सफाईकर्मी भी दिखे ईंट उतारते, जांच के आदेश

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नगर पंचायत घुघली में सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में नगर पंचायत की कचरा ढोने वाली सरकारी गाड़ी में ईंटें लदी दिखाई दे रही हैं। इतना ही नहीं, वीडियो में कुछ सफाई कर्मचारी भी ईंट उतारते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। नगर में चर्चा का बाजार गर्म है कि आखिर स्वच्छता कार्यों के लिए निर्धारित वाहन और कर्मचारी निर्माण कार्य में कैसे लगाए गए। लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं और सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह सब जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जानकारी के बिना संभव है? स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में कई जनप्रतिनिधियों के मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में यह भी चर्चा है कि कहीं सरकारी वाहनों और सफाई कर्मचारियों का उपयोग निजी कार्यों में तो नहीं किया जा रहा। हालांकि इन चर्चाओं की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि “वायरल वीडियो की गहनता से जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई भी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” वहीं नगर पंचायत के बड़े बाबू दुर्गा प्रसाद ने कहा कि उन्हें गाड़ी से ईंट ढुलाई की जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि इस संबंध में वाहन चालक से बात की जानी चाहिए कि आखिर उसने वाहन का उपयोग किस परिस्थिति में और किसके निर्देश पर किया। फिलहाल वायरल वीडियो ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं कि आखिर सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग के पीछे कौन है और जिम्मेदारी किसकी तय होती है। महराजगंज टाइम्स वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। समाचार सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रकाशित किया गया है।

यह भी पढ़ें : नौतनवा में विश्वकर्मा समाज का शक्ति प्रदर्शन, धर्मशाला और पार्क निर्माण का वादा