नगर तिराहे रोड पर बाइक पर गिरा बिजली का तार, 20 मिनट तक बाधित रहा यातायात
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- नगर तिराहे रोड पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक एक बिजली का तार टूटकर सड़क से गुजर रही एक बाइक पर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि तार सड़क पर गिरने से करीब 20 मिनट तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार गिरते ही बाइक सवार घबरा गया और अपनी बाइक छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गया। सड़क पर बिजली का तार गिरने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और बिजली विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक अंकित सिंह ने स्थिति को संभाला और सुरक्षा के मद्देनजर यातायात को रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि नगर तिराहे रोड पर बिजली का तार गिरने की सूचना मिली थी। राहत की बात यह रही कि कोई दुर्घटना नहीं हुई। बिजली विभाग को सूचना देकर तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद तार को सड़क से हटवाया गया। तार हटने और स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात दोबारा शुरू कराया गया।
यह भी पढ़ें : कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा, 23.31% अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित; यूपी-112 ने परीक्षा छूटने से बचाई अभ्यर्थी की उम्मीद