20 साल पुराने हत्या मामले के फैसले के बाद कोर्ट परिसर में हंगामा, पेड़ पर चढ़ युवक ने दी जान देने की धमकी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब 20 वर्ष पुराने हत्या के एक चर्चित मामले में फैसला आने के बाद एक युवक भावुक होकर कोर्ट परिसर में स्थित एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। जानकारी के अनुसार पनियरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2005 में हुई कन्हैया हत्याकांड मामले में सोमवार को जिला न्यायालय ने अपना फैसला सुनाया। फैसले के बाद मामले से जुड़ा युवक प्रवीण यादव मानसिक रूप से व्यथित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह अचानक न्यायालय परिसर में स्थित एक पेड़ पर चढ़ गया और जोर-जोर से अपनी बात रखने लगा। इस दौरान उसने आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, वादकारी और अन्य लोग एकत्र हो गए। अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक युवक से बातचीत की और उसे शांत करने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद युवक अधिकारियों के आश्वासन पर पेड़ से नीचे उतर आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। पुलिस लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रही, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने पाई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि पुराने हत्या मामले में आए फैसले से आहत होकर युवक पेड़ पर चढ़ गया था। प्रशासन और पुलिस की तत्परता से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया तथा न्यायालय परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई। घटना के बाद पूरे दिन न्यायालय परिसर में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें : कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा, 23.31% अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित; यूपी-112 ने परीक्षा छूटने से बचाई अभ्यर्थी की उम्मीद