Maharajganj

मायूस चेहरों पर पुलिस ने लौटाई मुस्कान, 105 खोए मोबाइल किए सुपुर्द

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- महराजगंज पुलिस ने तकनीक और सतर्क पुलिसिंग के दम पर 105 लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी। सर्विलांस सेल ने विभिन्न माध्यमों से दर्ज शिकायतों के आधार पर खोए हुए 105 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल, IMEI नंबर ट्रैकिंग तथा अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइल फोनों का पता लगाया गया। तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के बाद मोबाइल बरामद कर लिए गए। गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सभी संबंधित मोबाइल स्वामियों को बुलाकर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके मोबाइल फोन वापस किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक और सर्विलांस टीम का आभार जताया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग के माध्यम से आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में सर्विलांस टीम अब तक 307 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये है।

यह भी पढ़ें : 20 साल पुराने हत्या मामले के फैसले के बाद कोर्ट परिसर में हंगामा, पेड़ पर चढ़ युवक ने दी जान देने की धमकी