Maharajganj

गोसदन में दो गौवंशों की मौत से भड़का आक्रोश, कार्रवाई की मांग पर अड़े कार्यकर्ता

 

मदनपुरा गोसदन में अव्यवस्था के आरोप, शव हटाने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं में नोकझोंक

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- मिठौरा ब्लॉक के मदनपुरा स्थित गोसदन में दो गौवंशीय पशुओं की मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। घटना से नाराज बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गोसदन पहुंचकर व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि गोसदन में पशुओं की उचित देखभाल नहीं की जा रही है, जिसके चलते लगातार गौवंशों की मौत हो रही है। उनका कहना था कि पूर्व में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदारों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इस बार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कार्यकर्ता डटे रहे। हंगामे की सूचना मिलने पर तहसीलदार अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान मृत गौवंशों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन पहुंची, जिसका कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। उनका कहना था कि गौवंशों के शवों का सम्मानजनक तरीके से निस्तारण होना चाहिए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में प्रशासन की निगरानी में मृत पशुओं को वहां से हटाया गया। पशु चिकित्सक डॉ. एस.एन. भट्ट ने बताया कि दो गौवंशों की मौत हुई है तथा एक अन्य पशु का उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि गोसदन के पशुओं को अन्य गौशालाओं में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी जारी है।

यह भी पढ़ें : नहर रेगुलेटर पर युवक का शव मिलने से सनसनी, आत्महत्या की आशंका