Maharajganj

"मेरे से कुछ नहीं हो सकता भइया"— यह लिखकर खामोश हो गई NEET की छात्रा

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सदर थाना क्षेत्र के चौपरिया कंचनपुर गांव में NEET की तैयारी कर रही छात्रा चंचल भारती की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। छात्रा द्वारा छोड़े गए एक भावुक संदेश ने इस घटना को और भी मार्मिक बना दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सदर थाना क्षेत्र के चौपरिया कंचनपुर गांव की रहने वाली चंचल भारती, जो मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी, की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि हाल ही में हुए NEET री-एग्जाम के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी। परिजनों के अनुसार सोमवार को घर में चंचल अचेत अवस्था में मिली। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को चंचल की NEET प्रश्न पुस्तिका पर लिखा एक संदेश मिला। उसमें लिखा था, "मेरे से कुछ नहीं हो सकता भइया।" इस एक पंक्ति ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को भावुक कर दिया है। बताया जा रहा है कि चंचल पढ़ाई में मेहनती थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी। चंचल के पिता सिलाई मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और बच्चों की पढ़ाई के लिए लगातार संघर्ष कर रहे थे। बेटी की मौत से उनके सपने भी टूट गए। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से मिले लिखित संदेश समेत सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें : रात्रि चौपाल में गूंजी बेटियों की शिक्षा की अलख, हर बच्ची को स्कूल भेजने का लिया संकल्प