वनटांगिया ग्राम बलुवहिया में ग्रीन चौपाल, ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत दक्षिणी चौक रेंज द्वारा वनटांगिया ग्राम बलुवहिया में शुक्रवार को ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और वन संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी दक्षिणी चौक ऋषभ नायक ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान की जानकारी दी। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जल एवं मृदा संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रीन चौपाल के दौरान ग्रामीणों को वन संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा हरित आवरण बढ़ाने में आमजन की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर "आम भंडारा–आम बहार, आपके द्वार" अभियान के तहत ग्रामीणों को आम के पौधों का वितरण किया गया। साथ ही पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में फॉरेस्टर नित्यानंद, राहुल कुमार, वनरक्षक अमृता निषाद, वस्तु कुमार पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेते हुए वन विभाग की जनहित एवं पर्यावरण हितैषी पहल की सराहना की।
यह भी पढ़ें : टेट परीक्षा ने रोकी शहर का रफ्तार, जाम के बीच स्कूल बंद करने का आदेश