वन महोत्सव के तहत निचलौल में जागरूकता रैली, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- वन महोत्सव सप्ताह (1 से 7 जुलाई) के अंतर्गत शुक्रवार को राष्ट्रीय इंटरमीडिएट कॉलेज, बाली (निचलौल) में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सर्वे एवं क्षेत्रीय वनाधिकारी, मधवलिया रेंज उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरजाशंकर अग्रवाल, उप-प्रधानाचार्य अनिल पटेल, समस्त शिक्षकगण, मधवलिया रेंज के वनकर्मी, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यालय से निचलौल कस्बे तक पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की जानकारी देते हुए सभी से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा छात्र-छात्राओं के बीच पौधों का वितरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण से ही हरित भविष्य का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और जनभागीदारी का प्रभावी संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें : टेट परीक्षा ने रोकी शहर का रफ्तार, जाम के बीच स्कूल बंद करने का आदेश