Maharajganj

एनसीसी कैडेट्स ने वेस्ट मटेरियल से बनाए पेपर बैग, प्लास्टिक मुक्त भारत का दिया संदेश

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज में 102 यूपी बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के तत्वावधान में वेस्ट मटेरियल से पेपर बैग निर्माण एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने बेकार पड़े कागज और अन्य उपयोगी वेस्ट मटेरियल से आकर्षक व उपयोगी पेपर बैग तैयार कर लोगों को प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग छोड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने दुकानदारों और आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बताया कि प्लास्टिक का बढ़ता उपयोग प्रकृति और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में पेपर बैग और अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। कैडेट्स ने स्वयं तैयार किए गए पेपर बैग वितरित कर प्लास्टिक प्रदूषण कम करने का संदेश भी दिया।एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल अनुशासित और सक्षम युवाओं का निर्माण करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। उन्होंने कैडेट्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छोटे-छोटे कदम भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्लास्टिक का प्रयोग कम करने और स्वच्छ व हरित भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। अभियान में कैडेट्स मयंक, विनीत, अर्जुन, अजीतेंद्र, शिवम, विकास, दिनेश, विपिन, आर्यांश, अविनाश, प्रियांशु, गौतम, आर्शिब, मुस्कान, खुशबू, संजू, अंकिता, लवली, माधुरी, रुखसार, काजल, महक और आंचल सहित अन्य एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

यह भी पढ़ें : रसोई के मसालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, जांच में 178 किलो जीरा सीज, तीन दुकानों से लिए नमूने