Maharajganj

बचपन का आविष्कारों का जुनून बना पहचान, युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की असमय मौत से महराजगंज शोकाकुल

 

आर्थिक तंगी को मात देकर बने वैज्ञानिक, बैटरी चालित ट्रैक्टर से मिली थी प्रदेशभर में पहचान

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के सिसवा नगर पालिका के इंदिरा नगर वार्ड निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की असमय मौत से पूरा जिला स्तब्ध है। साधारण किसान परिवार से निकलकर अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर वैज्ञानिक बनने वाले राहुल ने संघर्ष, नवाचार और विनम्रता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।राहुल सिंह को बचपन से ही विज्ञान और नए-नए आविष्कारों का जुनून था। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को कभी टूटने नहीं दिया। किसी नए प्रयोग के लिए संसाधनों की कमी होने पर वह स्थानीय व्यापारियों, विद्यालयों और समाज के लोगों से सहयोग जुटाकर अपने शोध को आगे बढ़ाते थे। उनकी लगन और मेहनत ने उन्हें देश के युवा वैज्ञानिकों में पहचान दिलाई। राहुल के पिता संजय सिंह किसान हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए उन्होंने खेती के साथ सिसवा रेलवे स्टेशन रोड पर बढ़ई का काम भी किया, ताकि बेटे की पढ़ाई और सपनों में कोई कमी न रहे। राहुल के बैटरी चालित ट्रैक्टर के आविष्कार ने प्रदेशभर का ध्यान आकर्षित किया। इसी उपलब्धि के आधार पर वर्ष 2019 में उन्हें प्रदेश सरकार के सहयोग से एक वैज्ञानिक संस्था में वैज्ञानिक के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। वैज्ञानिक बनने के बाद भी राहुल अपनी सादगी और व्यवहार के लिए जाने जाते रहे। उन्होंने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारी, वर्ष 2024 में बड़ी बहन निशु की शादी पूरे सम्मान के साथ कराई और परिवार के लिए नया घर भी बनवाया।। बड़े भाई रोहित सिंह गोरखपुर एयरपोर्ट पर निजी कंपनी में कार्यरत हैं। मोहल्ले के लोगों के अनुसार राहुल हमेशा युवाओं को शिक्षा, विज्ञान और नवाचार के लिए प्रेरित करते थे। सभासद जितेंद्र सिंह सहित स्थानीय लोगों ने कहा कि वैज्ञानिक बनने के बाद भी राहुल में कभी अहंकार नहीं आया। उनकी असमय मौत से न केवल परिवार, बल्कि पूरा सिसवा और महराजगंज एक होनहार युवा वैज्ञानिक को खो बैठा है। उनकी संघर्ष, प्रतिभा और विनम्रता की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

यह भी पढ़ें : पेड़ पर चढ़ी नेपाली युवती ने गले में डाला फंदा, नीचे थम गईं सांसें... चौक पुलिस ने सूझबूझ से बचाई जान