रोटरी क्लब महाराजगंज के नवें पदस्थापन समारोह में नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी, सेवा और समर्पण का लिया संकल्प
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- रोटरी क्लब महराजगंज का नौवां पदस्थापन समारोह शुक्रवार देर शाम शिकारीपुर स्थित विभा पैलेस में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश अरविंद मलिक तथा मुख्य वक्ता रोटरी प्रयागराज के डिस्ट्रिक्ट सेक्रेट्री अजय शर्मा रहे। समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता हमीदुल्लाह खान ने रोटरी क्लब महाराजगंज के अध्यक्ष, आत्माराम गुप्त ने सचिव तथा पंकज मौर्य ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण कर नई टीम की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ तथा अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, बैज एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। मुख्य अतिथि अरविंद मलिक ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके प्रत्येक सदस्य की निष्ठा, अनुशासन, पारदर्शिता और समर्पण पर निर्भर करती है। पद अधिकार नहीं, बल्कि सेवा और उत्तरदायित्व का माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करेगी।मुख्य वक्ता अजय शर्मा ने कहा कि रोटरी क्लब महाराजगंज समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है और सामूहिक प्रयासों से सकारात्मक बदलाव संभव है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष हमीदुल्लाह खान ने सभी अतिथियों और रोटेरियन साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब "स्वयं से ऊपर सेवा" के मूल मंत्र के साथ समाज में सद्भाव, सेवा और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। संस्थापक अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का विश्वास जताया। कार्यक्रम का संचालन पंकज मौर्य तथा आभार ज्ञापन विंध्यवासिनी सिंह ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में रोटेरियन, चिकित्सक, अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : तीन माह में सभी पात्र वंचितों के बनेंगे राशन कार्ड, 12 अन्नपूर्णा भवनों का लोकार्पण