नेपाल-भारत मैत्री क्रिकेट में भारतीय पत्रकारों का जलवा, महाराजगंज प्रेस क्लब बना चैंपियन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नेपाल के भैरहवा में आयोजित द्वितीय नेपाल–भारत मैत्रीपूर्ण क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय मीडिया टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबले में महाराजगंज प्रेस क्लब के अनुज शुक्ला को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द सीरीज' चुना गया। वहीं नेपाल के सचिन चौधरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, प्रकाश न्यौपाने को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और दीपेन्द्र बडुवाल को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार प्रदान किया गया। लुम्बिनी प्रेस क्लब के आयोजन तथा रुपन्देही क्रिकेट संघ के सह-आयोजन में खेले गए इस मुकाबले में महाराजगंज प्रेस क्लब (भारत) ने लुम्बिनी प्रेस क्लब (नेपाल) को 9 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारतीय टीम द्वारा दिए गए 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाली टीम निर्धारित ओवरों में 136 रन ही बना सकी। सचिन चौधरी ने नाबाद रहकर संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विजेता महाराजगंज प्रेस क्लब को ट्रॉफी, नगद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और मेडल से सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता लुम्बिनी प्रेस क्लब को भी नगद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में लुम्बिनी प्रदेश के युवा एवं खेल मंत्री संतोष कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल दोनों देशों के बीच मित्रता और विश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उद्घाटन अवसर पर सिद्धार्थनगर नगरपालिकाध्यक्ष इश्तियाक अहमद खान ने कहा कि ऐसे आयोजन भारत-नेपाल के लोगों के बीच आत्मीयता और सहयोग को नई मजबूती देते हैं। उद्योगपति राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रतियोगिता को दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला आयोजन बताया।महराजगंज प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रतियोगिता में जीत-हार से बढ़कर दोनों देशों के पत्रकारों ने खेल भावना और भाईचारे का संदेश दिया। वहीं लुम्बिनी प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमल रायमझी ने कहा कि मीडिया कप का उद्देश्य पत्रकारों के बीच मित्रता, संवाद और सहयोग को और मजबूत करना है।
यह भी पढ़ें : सीएम योगी से मिले महराजगंज बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, बार सभागार व पुस्तकालय निर्माण का मिला भरोसा