बाल सुरक्षा पर महराजगंज पुलिस अलर्ट, गुमशुदगी से तस्करी तक हर मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महराजगंज पुलिस ने विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने की। बैठक में जिले के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी (CWPO), महिला पुलिसकर्मियों और संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ गुमशुदा बच्चों की शीघ्र बरामदगी, बाल तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल यौन शोषण तथा संकटग्रस्त बच्चों की सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बच्चों से जुड़े हर मामले में त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभागों और संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित और सम्मानजनक बचपन का अधिकार है। पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के प्रति एक संवेदनशील अभिभावक की भूमिका निभाना भी है। उन्होंने कहा कि बच्चों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्रवाई करें। बैठक में सभी थानों को यह भी निर्देशित किया गया कि थानों पर आने वाले बच्चों एवं उनके परिजनों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए। गुमशुदा बच्चों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और "बच्चों की सुरक्षा-सम्मान, महराजगंज पुलिस का संकल्प" को धरातल पर उतारते हुए हर बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधिकारियों ने बाल संरक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित समन्वय और सतत निगरानी पर भी जोर दिया
यह भी पढ़ें : अब कैमरा पढ़ेगा नंबर प्लेट, नियम तोड़ते ही घर पहुंचेगा ई-चालान; महराजगंज में 15 चौराहों पर हाईटेक निगरानी