स्वतंत्रता दिवस से पहले जिले में सघन चेकिंग, स्टेशन-होटल से बाजार तक पुलिस की नजर
फरेंदा क्षेत्र में रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जांच, संदिग्धों से पूछताछ कर सुरक्षा व्यवस्था परखी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए पुलिस ने चेकिंग और गश्त बढ़ा दी है। इसी क्रम में गुरुवार को फरेंदा थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बाजार, होटल, ढाबे समेत अन्य संवेदनशील स्थानों की जांच की गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने थानाध्यक्ष फरेंदा के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों को रोककर पूछताछ की और आवश्यक जांच-पड़ताल की। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मौजूद लोगों और गतिविधियों पर भी पुलिस ने नजर रखी। पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। लोगों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों के साथ ही प्रमुख बाजारों और आने-जाने वाले मार्गों पर सतर्कता बढ़ाई है। अधिकारियों के निर्देश पर जिले में लगातार चेकिंग और निगरानी अभियान जारी रहेगा, ताकि राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में टावर पर चढ़कर हंगामा करना पड़ेगा भारी, तीन माह में चार थानों में मुकदमे; पुलिस की सख्त चेतावनी