ब्रेकिंग न्यूज़ : बनैलिया माता रोहिन बैराज में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, मचा हड़कंप
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- परसामलिक थाना क्षेत्र के बनैलिया माता रोहिन बैराज के गेट संख्या-3 के पास रविवार शाम रोहिन नदी में नहाते समय दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:30 बजे मिश्रौलिया बाजार के स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि बनैलिया माता रोहिन बैराज के पास दो युवक नदी में नहाते समय डूब गए हैं। सूचना पर परसामलिक थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान प्रिंस वर्मा (20) पुत्र विनय वर्मा निवासी महुअवा, थाना सोनौली और मोनू साहनी (14) पुत्र पवन साहनी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शवों की पहचान की। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी नौतनवा और नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में तीन नायब तहसीलदार बने तहसीलदार, अधिकारियों ने दी बधाई