समाधान दिवस में डीएम का सख्त एक्शन: एक्सईएन का वेतन रोका, प्रमुख सचिव को भेजा जाएगा पत्र
फरेंदा में 53 फरियादें पहुंचीं, तीन का मौके पर निस्तारण; अफसरों की गैरहाजिरी पर डीएम ने जताई कड़ी नाराजगी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- फरेंदा तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर सख्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 53 मामले आए, जिनमें तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खासतौर पर भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई पर जोर दिया।
एक्सईएन की गैरहाजिरी पर डीएम नाराज
समाधान दिवस में सिंचाई खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर डीएम गौरव सिंह सोगरवाल का पारा चढ़ गया। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए अग्रिम आदेश तक अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने का निर्देश दिया। लगातार संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने को लेकर उन्होंने प्रमुख सचिव सिंचाई को पत्र भेजकर अवगत कराने के भी निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित दिवस पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्रभावी समाधान कराएं। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. सुरेन्द्र कुमार चौधरी, एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : वन स्टॉप सेंटर से फरार 17 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद, ड्यूटी में लापरवाही पर दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित