Maharajganj

Road accident: डम्फर की चपेट में चार युवकों की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने लगाया जाम

 

निचलौल के दमकी में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का फूटा गुस्सा, NH-730S  रोड पर लगाया जाम

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सिंदुरिया-निचलौल मार्ग पर दमकी गांव के पास मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के बाद बुधवार को परिजनों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। आक्रोशित परिजनों ने NH-730S बरोहिया रोड पर जाम लगाकर मुआवजे और उचित कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब साढ़े सात बजे दमकी स्थित भारत गैस गोदाम के समीप बाइक सवार चार युवक डम्फर की चपेट में आ गए थे। हादसे में पचमा गांव निवासी सन्नी (22), शिव (18), विवेक (20) और संतोष (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में विवेक और संतोष के सगे भाई होने की बात सामने आई है। चार युवकों की मौत की खबर से पचमा गांव में मातम छा गया। बुधवार को परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। परिजन डीएम से बातचीत कर क्षतिपूर्ति और मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े रहे।मौके पर एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता समेत तहसील प्रशासन की टीम मौजूद रही। एसडीएम ने परिजनों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें : तहसील समाधान दिवस में थानेदारों की जगह दरोगाओं को देख भड़के एसडीएम, जताई नाराजगी