Maharajganj

जिले के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

 

हंसते-खेलते अस्पताल पहुंचा था व्यक्ति, मौत के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; परिजनों का हंगामा, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नौतनवा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने पीछे दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। परिजनों के अनुसार, मृतक अपने पैरों पर चलकर और सामान्य स्थिति में इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंचा था। उनका आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण मरीज की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों का कहना है कि सही समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण आखिरकार व्यक्ति की जान चली गई। मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अस्पताल प्रबंधन या चिकित्सकों की किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें : महराजगंज में जाम से निजात के लिए ओवरब्रिज और सड़कों के चौड़ीकरण की मांग, सिसवा विधायक करेंगे मुख्यमंत्री से मुलाकात