Maharajganj

चौकी में जन्मदिन का जश्न पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद एसपी ने 6 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

 महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार पुलिस चौकी परिसर में एक युवक के जन्मदिन का जश्न मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने त्वरित कार्रवाई की और प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता व पदीय दायित्वों में लापरवाही पाए जाने पर चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबित होने वालों में अड्डा बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, उपनिरीक्षक विकास कुमार गौड़, कांस्टेबल प्रभार गौड़, कांस्टेबल अभिमन्यु खरवार, कांस्टेबल रामकृत यादव और कांस्टेबल प्रशांत कुमार शामिल हैं। वायरल वीडियो में चौकी परिसर के भीतर जन्मदिन का जश्न मनाते हुए कुछ बाहरी युवक नजर आ रहे हैं, जिनके साथ दरोगा और अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद दिखे। ड्यूटी स्थल पर इस तरह के निजी आयोजन को लेकर विभागीय आचरण और मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। मामले की शिकायत मिलते ही एसपी ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) निचलौल को जांच सौंपी थी, जिनकी प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर यह सख्त कदम उठाया गया। वहीं, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यह मामला केवल जन्मदिन के जश्न तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार किसी स्थानीय नेता से जुड़े घटनाक्रम से भी जोड़कर देखे जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस महकमे का कहना है कि कार्रवाई का मुख्य आधार अनुशासनहीनता और लापरवाही है। पूरे घटनाक्रम और परिस्थितियों की विस्तृत स्थिति विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें : नेपाल के बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आया प्रेस क्लब ऑफ महाराजगंज, प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा किए 51 हजार रुपये